पाही पर सोने गए अधेड़ ने सल्फास खाकर दी जान परिवार में कोहराम
झारखंड सवेरा यूपी
बीजपुर(सोनभद्र)स्थानीय थाना क्षेत्र के अंजानी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है जहाँ 58 वर्षीय एक व्यक्ति ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार अंजानी गांव के महमढ़ टोला निवासी बृज कुमार पुत्र अम्बे लाल बीती रात अपने घर आए थे।उन्होंने परिवार के सभी सदस्यों के साथ सामान्य रूप से बातचीत की और सबको खाना खिलाया।रात करीब 9:30 बजे वे घर से लगभग 500 मीटर दूर स्थित अपनी पाही पर सोने के लिए चले गए।शुक्रवार सुबह जब काफी देर तक बृज कुमार खेत से वापस नहीं लौटे तो आस-पास के लोगों को संदेह हुआ। ग्रामीणों ने तत्काल उनके पुत्र मुकेश को सूचना देकर मौके पर बुलाया। जब परिजनों ने भीतर जाकर देखा तो बृज कुमार अचेत अवस्था में पड़े थे।मौके के हालातों से यह प्रतीत होता है कि मृतक ने आत्मघाती कदम उठाते हुए सल्फास की गोलियों को तवे पर पीसकर उसका सेवन किया था। 58 वर्षीय बृज कुमार की मृत्यु की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।आत्महत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।







