विशुनपुरा में शांति समिति की बैठक, देवी धाम विवाद को लेकर उठी आवाज
झारखंड सवेरा विशुनपुरा
ईद, रामनवमी एवं सरहुल पर्व को लेकर विशुनपुरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक अंचल अधिकारी खगेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने तथा आपसी भाईचारा कायम रखने पर विशेष चर्चा हुई.बैठक के दौरान पतिहारी गांव स्थित देवी धाम के विवाद का मुद्दा जोर-शोर से उठाया गया. ग्रामीण हलकन राम ने बताया कि लगभग 10 वर्ष पूर्व तक इस स्थल को लेकर कोई विवाद नहीं था. लेकिन उसके बाद से विशेष समुदाय के कुछ लोगों द्वारा धार्मिक स्थल को क्षति पहुंचाने की बात सामने आई है. उन्होंने आरोप लगाया कि देवी धाम में स्थापित पत्थर का पिंड भी नष्ट कर दिया गया है. उन्होंने प्रशासन से मांग की कि विवादित स्थल का जल्द समाधान कराया जाए.इस पर अंचल अधिकारी खगेश कुमार ने आश्वस्त किया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि संबंधित स्थल की जांच कराई जाएगी तथा राजस्व अभिलेखों के आधार पर जमीन की मापी कराकर विवाद का निष्पादन किया जाएगा. उन्होंने अनुमंडल में आवेदन देने की बात कही. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखें.वहीं थाना प्रभारी राहुल सिंह ने कहा कि सभी पर्व आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है. किसी भी तरह की गड़बड़ी या असामाजिक गतिविधि करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी विवाद की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते समाधान किया जा सके. उन्होंने कहा कि रामनवमी पर्व के दौरान सभी अखाड़े के लोग रुत चाट के अनुसार शांति पूर्ण जुलूस निकालेंगे.बैठक में उपस्थित लोगों ने देवी धाम की जमीन की मापी कराकर घेराबंदी कराने की मांग की, ताकि भविष्य में इस प्रकार के विवाद की पुनरावृत्ति न हो सके.इस मौके पर धर्माचार्य श्याम बाबा, विहिप प्रखंड अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार यादव, व्यवसायी संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि अवधविहारी गुप्ता, पुलस्त्य शुक्ल, कृष्णा विश्वकर्मा, जितेंद्र दीक्षित, भुवनेश्वर राम, ऐनुल अंसारी, लतीफ अंसारी, आलम बाबू, बीडीसी भरदुल चन्द्रवँशी, नवल किशोर गुप्ता, अशोक पासवान सहित कई लोग उपस्थित थे.







