कोन अस्पताल में स्पेशलिस्ट डॉक्टर की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान, पदयात्रा भी निकाली

कोन अस्पताल में स्पेशलिस्ट डॉक्टर की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान, पदयात्रा भी निकाली

झारखंड सवेरा यूपी 

कोन/सोनभद्र : स्थानीय विकासखंड के सरकारी अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ व महिला रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति की मांग को लेकर राष्ट्रीय नव निर्माण सेना ट्रस्ट के तत्वावधान में ग्राम पंचायत खरौंधी में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आनन्द पटेल दयालु ने किया। इस दौरान ग्रामीणों के साथ गांव में पदयात्रा भी निकाली गई।इस मौके पर आनन्द पटेल दयालु ने कहा कि आम आदमी के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया जा रहा है। लगभग दो लाख की आबादी वाला कोन क्षेत्र आज भी बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारी इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।उन्होंने बताया कि कोन के सरकारी अस्पताल में न तो हड्डी रोग विशेषज्ञ उपलब्ध हैं और न ही महिला डॉक्टर। इसके कारण क्षेत्र की माताओं और बहनों को इलाज के लिए करीब 70 किलोमीटर दूर रॉबर्ट्सगंज जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी लोगों को बाहर जाना पड़ता है, जो ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बनी हुई है।आनन्द पटेल दयालु ने कहा कि आजादी के लगभग 80 वर्ष बाद भी कोन क्षेत्र की दो लाख आबादी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित है। अस्पताल तो मौजूद है, लेकिन न पर्याप्त दवाएं मिलती हैं और न ही जांच के लिए जरूरी मशीनें उपलब्ध हैं। अस्पताल में अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे सहित अन्य जरूरी जांच मशीनों की भी व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण मरीजों को निजी अस्पतालों में महंगा इलाज कराने के लिए मजबूर होना पड़ता है।उन्होंने कहा कि यह आम जनता का अधिकार है और इसके लिए जन आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक कोन के सरकारी अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ और महिला डॉक्टर की नियुक्ति नहीं की जाती, तब तक हस्ताक्षर अभियान और जन आंदोलन लगातार जारी रहेगा।इस दौरान सैकड़ों ग्रामीणों ने हस्ताक्षर कर आंदोलन को समर्थन दिया और पदयात्रा में भाग लिया।कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष कनौजिया, अरुण कन्नौजिया, अनिल खरवार (चाचा), सत्यनारायण पटेल, प्रदेश सचिव शरीफ खान सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।

news portal development company in india