UPSC में सफलता के बाद ओबरा पहुंचीं श्रुति ओला, शारदा मंदिर में लिया आशीर्वाद, घर पर हुआ सम्मान

UPSC में सफलता के बाद ओबरा पहुंचीं श्रुति ओला, शारदा मंदिर में लिया आशीर्वाद, घर पर हुआ सम्मान

झारखंड सवेरा यूपी 

ओबरा (सोनभद्र)। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में ऑल इंडिया रैंक 329 प्राप्त कर जनपद सोनभद्र का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने वाली ओबरा नगर की बेटी श्रुति ओला के नगर आगमन पर शुक्रवार को नगरवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया।ओबरा नगर स्थित मां शारदा शक्ति मंदिर परिसर में श्रुति ओला के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि एकत्रित हुए। उनके मंदिर परिसर पहुंचते ही उपस्थित लोगों ने फूलमालाओं से उनका अभिनंदन किया और उनकी इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। स्वागत के उपरांत श्रुति ओला ने मंदिर में पहुंचकर मां शारदा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।

इसके पश्चात उनके आवास पर एक संक्षिप्त जनसभा एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां नगरवासियों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उल्लेखनीय है कि आदिवासी एवं जनजातीय बहुल जनपद सोनभद्र के औद्योगिक नगर ओबरा से निकलकर श्रुति ओला ने देश की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में शामिल UPSC की सिविल सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा शक्तिनगर स्थित विद्यालय से हुई। इसके बाद उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से उच्च शिक्षा प्राप्त की तथा इलाहाबाद से विधि (लॉ) की पढ़ाई की। बताया जाता है कि सिविल सेवा में आने की प्रेरणा उन्हें अपने मामा से मिली, जो कस्टम विभाग में कार्यरत हैं। उन्होंने दूसरे प्रयास में यह सफलता प्राप्त की।

इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी देवी, समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष विजय यादव, जल पुरुष रमेश यादव, शिवनाथ जायसवाल, अरविंद सोनी, अमरेश यादव, श्रवण पासवान, राजेश मिश्रा, आनंद पटेल, दयालु, विकास पाठक, अनूप सेठ, सतीश पांडे, पवन यादव, योग गुरु अजय पाठक, उषा सिंह तथा अखिलेश यादव सहित सैकड़ों नागरिक उपस्थित रहे।स्थानीय लोगों ने कहा कि श्रुति ओला की यह उपलब्धि क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और शिक्षा के प्रति नई जागरूकता उत्पन्न करेगी।

news portal development company in india