वेतन भुगतान न होने पर मजदूरों ने थानाध्यक्ष से लगाई गुहार, ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग
झारखंड सवेरा यूपी
अनपरा, सोनभद्र : अनपरा थाना क्षेत्र स्थित 1200 मेगावाट की एक निजी विद्युत परियोजना में ओवरहॉलिंग कार्य कराने वाली साहु एण्ड कम्पनी पर मजदूरों ने वेतन भुगतान न करने का गंभीर आरोप लगाया है। वेतन बकाया से आक्रोशित मजदूरों ने सोमवार को अनपरा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।शिकायत करने वाले मजदूरों—कृष्णा कुमार, बृज मोहन, राकेश, सुनील गुप्ता, नितेश यादव, दीपक तिवारी, अनूप कुमार, कमलेश, नीरज अशोक सहित अन्य—ने बताया कि 6 नवंबर से 12 दिसंबर तक परियोजना परिसर में ऐयर प्री-हीटर बॉयलर डक्ट की ओवरहॉलिंग का कार्य कराया गया। इस दौरान बाहर से आए कुल 162 मजदूर कार्यरत थे। कार्य समाप्त होने पर संविदाकार ने सभी मजदूरों से यह कहकर घर भेज दिया कि हिसाब बनते ही उनका वेतन सीधे खातों में भेज दिया जाएगा। मजदूरों का कहना है कि काम खत्म हुए दो महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक एक भी मजदूर को भुगतान नहीं मिला। जब वे संविदाकार से वेतन की मांग करते हैं तो हर बार टालमटोल किया जाता है। बकाया वेतन न मिलने से मजदूरों के सामने रोजमर्रा के खर्च और पारिवारिक जिम्मेदारियों को निभाने में गंभीर संकट खड़ा हो गया है।इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि मजदूरों की तहरीर के आधार पर संविदाकार को थाने बुलाया गया है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर मजदूरों का बकाया भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कदम उठाए जाएंगे।







