गिरधर सीमेंट्स लिमिटेड, बिल्ली-मारकुंडी में हत्या का खुलासा, मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार

गिरधर सीमेंट्स लिमिटेड, बिल्ली-मारकुंडी में हत्या का खुलासा, मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार

झारखंड सवेरा यूपी 

थाना ओबरा क्षेत्र अंतर्गत बिल्ली-मारकुंडी स्थित गिरधर सीमेंट्स लिमिटेड परिसर में 07/08 फरवरी की रात्रि हुई हत्या की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। संयुक्त कार्रवाई में थाना ओबरा पुलिस एवं एसओजी/सर्विलांस टीम ने आरोपी श्रवण सिंह उर्फ श्रवण गोंड (निवासी ग्राम झारा, थाना सनावल, जिला बलरामपुर, छत्तीसगढ़) को गिरफ्तार किया। घटना में कंपनी संचालक के चाचा विष्णु हरि उपाध्याय की सिर पर पत्थर से प्रहार कर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद कार्यालय का ताला खोलकर दराज में रखी ₹6500 नगद राशि और मृतक का मोबाइल फोन ले लिया गया था। पहचान छिपाने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरा क्षतिग्रस्त कर मॉनिटर व प्रिंटर को हटाकर पास के नाले की झाड़ियों में छिपा दिया गया था।पुलिस टीम ने 12/13 फरवरी की मध्यरात्रि मुखबिर की सूचना पर बघ्घा नाला ओवरब्रिज के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने पूर्व में कंपनी परिसर में कार्यरत रहने तथा रंजिश के चलते घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से मृतक का मोबाइल फोन, ₹5000 नगद, आधार कार्ड तथा सीसीटीवी से संबंधित प्रिंटर और मॉनिटर बरामद किए गए हैं। बरामदगी के आधार पर प्रकरण में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।पुलिस के अनुसार मामले की अन्य पहलुओं पर भी जांच जारी है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाती है तो आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

news portal development company in india