श्री बंशीधर नगर ने 9 विकेट से जीतकर फाइनल ट्रॉफी पर किया कब्जा
आशुतोष विशुनपुरा
गांधी क्रिकेट क्लब के तत्वावधान में राज राजेन्द्र प्रताप देव उच्च विद्यालय के खेल मैदान में आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला विशुनपुरा बनाम बंशीधर नगर के बीच खेला गया. रोमांचक मुकाबले में बंशीधर नगर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विशुनपुरा को 9 विकेट से पराजित कर खिताब अपने नाम किया. फाइनल मैच का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक अनंत प्रताप देव ने फीता काटकर किया. उद्घाटन के पश्चात खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्होंने खेल भावना के साथ खेलने का आह्वान किया.टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी विशुनपुरा की टीम निर्धारित 16 ओवर में सभी विकेट खोकर मात्र 93 रन ही बना सक,। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंशीधर नगर की टीम ने सधी हुई बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए केवल एक विकेट के नुकसान पर 94 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया.इस मौके पर विधायक अनंत प्रताप देव ने कहा कि विधानसभा सत्र शुरू होते ही विशुनपुरा में स्टेडियम निर्माण की मांग सदन में रखी जाएगी. उन्होंने कहा कि अब तक जितनी भी विकास योजनाओं की मांग की गई है, उन पर लगातार कार्रवाई हो रही है. उन्होंने बताया कि विशुनपुरा के लिए सड़कों का जाल बिछाया गया है. और आने वाले समय में क्षेत्र का और तेजी से विकास होगा. विधायक ने कहा कि जिस तरह झारखंड के खिलाड़ियों ने पूरे देश में राज्य का नाम रोशन किया है, उसी तरह विशुनपुरा के खिलाड़ी भी आगे बढ़ेंगे. हेमंत सरकार ‘खेलो झारखंड’ योजना के माध्यम से खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने का कार्य कर रही है. उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को जिला व राज्य स्तर पर खेलने का अवसर दिलाया जाएगा.
उन्होंने यह भी कहा कि हाई स्कूल की समिति द्वारा लिखित आवेदन देने पर भवन निर्माण कराए जाएंगेवहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ताहिर अंसारी ने कहा कि विधायक के पूर्वजों द्वारा दान दी गई जमीन पर ही आज खेल मैदान, स्कूल, प्रखंड कार्यालय और थाना स्थापित है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि इसी मैदान में भविष्य में स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा।दीपक देव ने कहा कि विधायक को चुनाव जीते अभी एक वर्ष ही हुआ है, लेकिन विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं के सपनों को पूरा करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा.समारोह के अंत में समिति के सदस्यों द्वारा विधायक एवं विशिष्ट अतिथियों को बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया. साथ ही कमिटी के लोगो को सम्मानित किया गया.इस मौके पर व्यवसायी संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह, संजय गुप्ता, माणिक सिंह, बलराम पासवान, सचिन गुप्ता, ललन गुप्ता, माणिक गुप्ता, प्रशांत गुप्ता, रमेश ठाकुर, अयोध्या गुप्ता, नन्हकू गुप्ता, दिनेश शर्मा, किसन कुमार सहित कयी लोग उपस्थित थे.







