अखण्ड भारत महोत्सव डांस प्रतियोगिता में गुफराना बनी विजेता, साक्षी व आनंदी को भी मिला पुरस्कार
झारखंड सवेरा यूपी
दुद्धी: 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर अखण्ड भारत सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में दुद्धी तहसील प्रांगण में आयोजित सांस्कृतिक डांस प्रतियोगिता में बच्चों और युवाओं ने शानदार प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। जज पैनल नित्यानंद मिश्रा, रितु सोनी और विवेक पांडे द्वारा दिए गए निर्णय के अनुसार एकल नृत्य प्रतियोगिता में गुफराना ने प्रथम पुरस्कार प्राप्त किया, जबकि साक्षी कुमारी द्वितीय और आनंदी अग्रहरी तृतीय स्थान पर रहीं।
वहीं समूह नृत्य प्रतियोगिता में “हिंदुस्तान मेरी जान” ग्रुप ने प्रथम, “XXI ग्रुप” ने द्वितीय तथा “शिवाजी डांस ग्रुप” ने तृतीय पुरस्कार पर कब्जा जमाया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
प्रतियोगिता में 86 एकल एवं 22 समूह नृत्य प्रतिभागियों ने देशभक्ति, भक्ति और शास्त्रीय नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। विजेताओं को एलईडी टीवी, साइकिल, मिक्सर ग्राइंडर सहित नकद पुरस्कार व सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अध्यक्ष संदीप गुप्ता ने अतिथियों व उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।







