मकर संक्रांति पर बांकी नदी तट पर उमड़ा आस्था का सैलाब सूर्य मंदिर प्रांगण में भव्य मेला, गंगाआरती 

मकर संक्रांति पर बांकी नदी तट पर उमड़ा आस्था का सैलाब सूर्य मंदिर प्रांगण में भव्य मेला, गंगाआरती 

आशुतोष, विशुनपुरा
बांकी नदी तट पर स्थित निर्माणाधीन सूर्य मंदिर प्रांगण में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर भव्य मेला का आयोजन किया गया. मेले में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से श्रद्धालुओं व ग्रामीणों का जनसैलाब उमड़ पड़ा. पूरे दिन मंदिर परिसर में धार्मिक आस्था, भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा.
सूर्य मंदिर निर्माण समिति की ओर से मकर संक्रांति मेला के अवसर पर पूरे दिन श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया. वहीं दवनकारा कीर्तन मंडली द्वारा दिनभर भजन-कीर्तन प्रस्तुत किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा.मेला समापन के बाद संध्या समय बांकी नदी तट पर भव्य गंगा महाआरती का आयोजन किया गया. विद्वान पंडितों द्वारा विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां गंगा की आरती उतारी गई. ‘मां गंगा की जय’ के जयकारों के साथ हजारों दीप प्रज्वलित कर बांकी नदी तट पर सजाए गए. दीपों की रोशनी से सूर्य मंदिर परिसर सहित पूरा नदी तट जगमगा उठा, जिससे दृश्य अत्यंत मनोहारी बन गया.इसके पश्चात सूर्य मंदिर निर्माण समिति से जुड़े सभी सदस्यों को उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया.इस मौके पर समिति के सचिव डॉ. महेंद्र प्रसाद गुप्ता ने कहा कि सूर्य मंदिर क्षेत्रवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा और इससे धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने मंदिर निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए सभी के सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। कार्यक्रम में सूर्य मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष शिवकुमार ठाकुर, सचिव डॉ. महेंद्र प्रसाद गुप्ता, कोषाध्यक्ष शिक्षक अशोक मेहता, महानिदेशक नवल किशोर गुप्ता, संयोजक पृथ्वी पाल, मोती प्रसाद, वंशी पासवान, भोला शर्मा, गणेश पाल, अशर्फी मेहता, दशरथ राम, योगेश्वर राम, मंडल अध्यक्ष कृष्णा विश्वकर्मा, युवा समाजसेवी बलराम पासवान, प्रशांत कुमार गुप्ता उर्फ कुल्लू, मानिक गुप्ता, नन्हकू गुप्ता एवं सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित थे.
मकर संक्रांति मेला और गंगा महाआरती के सफल आयोजन से पूरे विशुनपुरा क्षेत्र में धार्मिक सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का संदेश गया.

news portal development company in india