विशुनपुरा में शिबू सोरेन की 82वीं जयंती मनाई गई
झारखंड सवेरा
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) विशुनपुरा प्रखंड इकाई की ओर से पार्टी के संस्थापक, दिशोम गुरु एवं झारखंड आंदोलन के प्रणेता शिबू सोरेन जी का जन्मदिन लाल बच्चा पेट्रोल पंप परिसर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया.इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं समर्थक उपस्थित रहे. कार्यक्रम की शुरुआत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ की गई. उपस्थित लोगों ने उनके संघर्षमय जीवन, झारखंड राज्य निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान तथा आदिवासी समाज के हक और अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष को याद किया. कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो विशुनपुरा प्रखंड अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह ने किया. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन आदिवासी, मूलवासी, किसान तथा शोषित-वंचित समाज की सशक्त और बुलंद आवाज थे. जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उनका आजीवन संघर्ष हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन ने न केवल झारखंड आंदोलन को नई दिशा दी, बल्कि आदिवासियों के स्वाभिमान और अधिकारों की लड़ाई को राष्ट्रीय पहचान दिलाई. वक्ताओं ने कहा कि दिशोम गुरु का जीवन त्याग, संघर्ष और समर्पण की मिसाल है. उनके बताए मार्ग पर चलकर ही सामाजिक न्याय, समानता और क्षेत्र के समग्र विकास को सुनिश्चित किया जा सकता है.इस अवसर पर झामुमो के कई वरिष्ठ नेता, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे. कार्यक्रम का समापन आपसी सौहार्द और संगठन को और मजबूत करने के संकल्प के साथ किया गया.इस मौके पर झामुमो युवा नेता संजय गुप्ता, लतीफ अंसारी, ऐनुल अंसारी,बिजय चौरशिया, अभिजीत सिंह, चिंटू सिंह, रामसहाय राम, भरदुल चन्द्रवँशी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे.







