एनसीएल ककरी कोल परियोजना में जमकर मारपीट, तीन परियोजना कर्मी निलंबित
अनपरा, सोनभद्र
एनसीएल ककरी कोल परियोजना के आवासीय परिसर में शनिवार रात्रि उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गुटबंदी कर एक परियोजना कर्मी के साथ जमकर मारपीट की गई। घटना से आक्रोशित कोल कर्मियों ने रात्रि 9 बजे से सुबह 3 बजे तक खदान का कोल प्रोडक्शन ठप कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रबंधन ने तीन आरोपित परियोजना कर्मियों को निलंबित कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डंपर ऑपरेटर मोहित, रोहित एवं सुमित कुमार अपने कुछ साथियों के साथ ककरी कोल परियोजना में फीटर पद पर कार्यरत साईचंद थापा के आवास पर पहुंचे। किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद आरोप है कि थापा के साथ मारपीट की गई और उनके गले से सोने की चेन, पर्स, घड़ी व कार की चाभी छीन ली गई। कुछ देर बाद जब साईचंद थापा अपना सामान मांगने सुमित के आवास पर पहुंचे, तो वहां मौजूद आधा दर्जन से अधिक युवकों ने पुनः उनके साथ मारपीट की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झगड़ा बढ़ता देख आसपास के कर्मी मौके पर पहुंचे, लेकिन चाकू लहराकर उन्हें भगा दिया गया। गंभीर रूप से घायल साईचंद थापा को एंबुलेंस के माध्यम से स्थानीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। घटना से नाराज परियोजना कर्मियों ने खदान क्षेत्र में रात्रि पाली का कोल उत्पादन करीब छह घंटे तक ठप रखा।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ककरी परियोजना के खान प्रबंधक ने आरोपी परियोजना कर्मी मोहित, रोहित एवं सुमित को निलंबित कर दिया है। तीनों से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है तथा कंपनी नियमों के तहत इसे कदाचार मानते हुए नोटिस जारी किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। 55 कोल कर्मियों ने रेणुसागर पुलिस से सुरक्षा की लगाई गुहार
परियोजना कर्मी के साथ हुई मारपीट, गाली-गलौज एवं चाकू से धमकाने की घटना के बाद कॉलोनी और कार्यस्थल पर दहशत का माहौल बना हुआ है। इसे लेकर 55 कर्मचारियों ने हस्ताक्षरयुक्त शिकायत रेणुसागर पुलिस को सौंपते हुए सुरक्षा की मांग की है।शिकायत में कर्मियों ने आरोप लगाया है कि हरियाणा प्रांत के विशेष समुदाय के कर्मी आए दिन आवासीय परिसर में लोगों को परेशान और अफीम, चरस के सेवन जैसी हिंसक घटनाओं के कारण वे स्वयं और उनके परिवार असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। साथ ही कुछ बाहरी कर्मियों पर आवासीय परिसर में अनुशासनहीन गतिविधियों में संलिप्त होने के आरोप भी लगाए गए हैं। पुलिस ने शिकायत को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।







