चोरी कांड का 11 दिन बाद भी उद्भेदन नहीं, रौनियार परिवार में रोष
प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप, आंदोलन की चेतावनी
आशुतोष, विशुनपुरा
अपर बाजार में हुई भीषण चोरी की घटना को 11 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा उद्भेदन नहीं किए जाने से व्यवसायियों एवं सामाजिक संगठनों में गहरा आक्रोश व्याप्त है. इसी कड़ी में जिला रौनियार परिवार गढ़वा इकाई की एक प्रतिनिधिमंडल टीम ने विशुनपुरा पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और घटना की विस्तृत जानकारी ली. इस दौरान रौनियार परिवार के जिला अध्यक्ष संजय कुमार ने प्रशासन की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि चोरी की घटना को ग्यारह दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं. इससे पूरे क्षेत्र के व्यवसायियों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है. उन्होंने कहा कि चोर बेखौफ होकर लाखों की चोरी कर फरार हो गए, जबकि प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है.
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही चोरी की घटना का उद्भेदन नहीं किया गया तो रौनियार परिवार राज्य ही नहीं, बल्कि देश स्तर पर प्रशासन के खिलाफ आंदोलन छेड़ने को विवश होगा.
वहीं जिला सचिव नवल किशोर गुप्ता ने कहा कि जिले में लगातार चोरी की घटनाएं घट रही हैं. जिससे चोरों का मनोबल काफी बढ़ गया है. उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही इस मामले का खुलासा नहीं हुआ तो संगठन उग्र आंदोलन करेगा. जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया तथा प्रशासन से अविलंब कार्रवाई की मांग की. इस मौके पर बंक्तेश्वर गुप्ता, दिनेश गुप्ता, उपकार गुप्ता, संजीव गुप्ता, ओमप्रकाश गुप्ता, पप्पू गुप्ता, दामोदर गुप्ता, गुप्तेश्वर गुप्ता, भोलानाथ साहू, मुरली गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे.







