40 लाख की चोरी का 10 दिन बाद भी खुलासा नहीं, व्यापारियों में आक्रोश,
काला बिल्ला लगाकर कारोबार करने का निर्णय, प्रशासन की कार्यशैली पर तीखा हमला
आशुतोष विशुनपुरा
मुख्यालय के अपर बाजार स्थित प्रसिद्ध व्यवसायी राम हरख प्रसाद गुप्ता के शुभ लक्ष्मी
इसी को लेकर शनिवार को व्यवसायियों की एक अहम बैठक आयोजित की गयी. जिसमें प्रशासन की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार किया गया. बैठक में सर्वसम्मति से प्रशासन के विरोध में काला पट्टी लगाकर व्यवसाय करने का निर्णय लिया गया.
बैठक को संबोधित करते हुए व्यवसायी संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि चोरी की घटना को दस दिन बीत चुके हैं. लेकिन अब तक प्रशासन केवल आश्वासन ही दे रहा है. घटना का कोई ठोस खुलासा नहीं हो पाया है. उन्होंने कहा कि विशुनपुरा क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं. और पुलिस चोरों से कोसों दूर नजर आ रही है. उन्होंने याद दिलाया कि घटना के बाद व्यवसायियों ने लगभग 30 घंटे तक दुकानें बंद कर विरोध जताया था. अनुमंडल एसडीपीओ सतेन्द्र नारायण के आश्वासन पर दुकानें खोली गई थीं. तथा बाद में पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने स्वयं पीड़ित के दुकान का निरीक्षण भी किया था. इसके बावजूद अब तक न तो चोर पकड़े गए और न ही चोरी गए सामान की बरामदगी हो सकी.
उन्होंने कहा कि विशुनपुरा का बाजार आसपास के सैकड़ों गांवों की आर्थिक जरूरतों का केंद्र है. ऐसी बड़ी चोरी का उद्भेदन नहीं होना पूरे व्यापारी वर्ग को भयभीत कर रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही घटना का खुलासा नहीं हुआ तो व्यवसायियों और जनप्रतिनिधियों की एक संयुक्त टीम बनाई जाएगी, जो डीजीपी और मुख्यमंत्री से मिलकर पूरे मामले से अवगत कराएगी तथा चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की शीघ्र बरामदगी की मांग करेगी.
वहीं पीड़ित दुकानदार विनोद गुप्ता ने कहा कि घटना के दस दिन बीत जाने के बाद भी प्रशासन की कार्रवाई बेहद धीमी है. वे और उनका परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं. उन्होंने स्पष्ट कहा कि व्यवसायी संघ जो भी निर्णय लेगा, वे पूरी तरह उसके साथ हैं.
बैठक के अंत में एक स्वर में कहा गया कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.
गौरतलब है कि 24 दिसंबर बुधवार की रात चोरों ने दुकान के पिछले दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया था. और लगभग 40 लाख रुपये के जेवरात, कपड़े, नकद राशि सहित सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे.बैठक में जिला धर्माचार्य राधेश्याम पांडेय, ऐनुल अंसारी, लतीफ अंसारी, भाजपा मंडल अध्यक्ष कृष्णा विश्वकर्मा, सुरेंद्र कुमार यादव, प्रवीण यादव, चंदन मेहता, बलराम पासवान, गौरीशंकर गुप्ता, नवल किशोर गुप्ता, संजय गुप्ता, भुनेश्वर राम, गोपाल राम, बीडीसी भरदुल चंद्रवंशी, गोरख चंद्रवंशी, माणिक गुप्ता सहित सैकड़ों व्यवसायी मौजूद थे.







