विशुनपुरा में 50 लाख की भीषण चोरी के खिलाफ उबाल, दूसरे दिन भी दुकानदारों का धरना, बाजार बंद
24 घंटे बाद भी चोर पुलिस की पकड़ से बाहर, प्रशासन पर उठे सवाल
आशुतोष विशुनपुरा
मुख्यालय के अपर बाजार स्थित शुभलक्ष्मी वस्त्रालय एवं मुन्ना ज्वेलर्स में हुई करीब 50 लाख रुपये की भीषण चोरी की घटना को लेकर व्यापारियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। घटना के दूसरे दिन भी स्थानीय दुकानदारों ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों के सामने धरना देते हुए प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
आक्रोशित व्यापारियों ने बाजार पूरी तरह बंद रखकर प्रशासन और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उनका कहना है कि जब बाजार के बीचोबीच स्थित प्रतिष्ठानों में इस तरह की बड़ी वारदात हो रही है, तो आम लोगों और छोटे व्यापारियों की सुरक्षा पर भरोसा कैसे किया जाए। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि चोरी की घटना को 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस को अब तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है। न तो चोरों की पहचान हो सकी है और न ही चोरी गए माल की बरामदगी। इससे बाजार क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
धरना स्थल पर मौजूद व्यवसायी संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि जब तक चोरों की गिरफ्तारी नहीं होती और चोरी की घटना का पूर्ण खुलासा नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब तक कोई वरीय पदाधिकारी मौके पर पहुंचकर पीड़ित व्यापारियों से बातचीत करने नहीं आया है।
व्यापारियों ने प्रशासन से अविलंब कार्रवाई, रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा बाजार क्षेत्र में स्थायी पुलिस व्यवस्था की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच विभिन्न बिंदुओं पर की जा रही है, लेकिन प्रशासन के इस आश्वासन से व्यवसायी संतुष्ट नजर नहीं आ रहे हैं।इस सनसनीखेज चोरी की घटना ने न केवल व्यापारियों को, बल्कि पूरे विशुनपुरा बाजार क्षेत्र को दहला कर रख दिया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन कब तक चोरों तक पहुंच पाता है और व्यापारियों का भरोसा बहाल कर पाता है।







