आभूषण व्यवसायी को अपराधियों ने मारी गोली, हथियार छोड़कर फरार, शहर में दहशत

झारखंड सवेरा
गढ़वा : जिले के श्री बंशीधर नगर में शनिवार की शाम अपराधियों ने एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम देकर पूरे इलाके में दहशत फैला दी। प्रतिष्ठित आभूषण व्यवसायी दीपक राज सोनी को उस समय गोली मार दी गई जब वे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। घटना शहर के मुख्य मार्ग स्थित एक जिम सेंटर के पास शाम करीब 7 बजे हुई। दीपक सोनी के अनुसार, जिम सेंटर के निकट पहुंचते ही अपाची बाइक पर सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने उन्हें रास्ते में घेर लिया। बिना कुछ कहे अपराधियों ने उन पर गोलियां दागनी शुरू कर दी। दो गोलियाँ उनके बाएँ हाथ और दाएँ जांघ में लगी, जिससे वे लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।घटना के दौरान अपराधियों ने उनके पास मौजूद बैग लूटने का प्रयास भी किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। जल्दबाजी में फरार होते समय आरोपी अपना हथियार और कारतूस मौके पर ही छोड़ गए।स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यवसायी को तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है। उधर घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आज़ाद और थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और घटनास्थल से बरामद हथियार व कारतूस को जब्त कर लिया। पुलिस मामले को लूट की नीयत से जुड़ी वारदात मानते हुए गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अपराधियों की पहचान का प्रयास जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।वारदात के बाद शहर के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग उठने लगी है।







