अंतिम पंक्ति के लोगों को लाभ देने के लिए चलाया जा रहा है सरकार आपके द्वार कार्यक्रम : मिथिलेश ठाकुर

अंतिम पंक्ति के लोगों को लाभ देने के लिए चलाया जा रहा है सरकार आपके द्वार कार्यक्रम : मिथिलेश ठाकुर

झारखंड सवेरा 

गढ़वा : गढ़वा जिला प्रशासन की ओर से आपकी योजना, आपकी सरकार, आपके द्वार अभियान के तहत मनाए जा रहे सेवा का अधिकार सप्ताह के मौके पर बुधवार को जिले भर के सभी प्रखंडों एवं नगर निकाय क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर शिविरों का आयोजन किया गया। इसके तहत गढ़वा प्रखंड के चिरौंजिया पंचायत में आयोजित कार्यक्रम में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर शामिल हुए। श्री ठाकुर ने दीप जलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। तत्पश्चात संविधान की प्रस्तावना का लोगों को संकल्प दिलाया। मौके पर श्री ठाकुर ने कहा कि झारखंड के जुझारू मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूरगामी सोच का यह परिणाम है कि यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। अंतिम पंक्ति के लोगों को उनका अधिकार एवं योजनाओं का लाभ देने के लिए सरकार आपके द्वार कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनसुविधाओं को सीधे जनता की दहलीज तक पहुंचाना है। इस कार्यक्रम से दिशोम गुरू शिबू सोरेन के सपनो का झारखंड बनाने का कार्य किया जा रहा है। झारखंड सरकार राज्य के सभी वर्ग के लोगों को समुचित लाभ एवं मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है। जनता के अधिकार उनके घर तक पहुंचकर सरकार दे रही है। यह सरकार जनसरोकार की सरकार है। जनता को अपनी मूलभूत सुविधाओं का लाभ लेने के लिए कहीं दौड़ लगाने की जरूरत नहीं है। अधिकारी आपके घर तक पहुंचकर लाभ देंगे।

शिविर में ज़िले के लगभग सभी प्रमुख विभागों स्वास्थ्य, राजस्व, कृषि, शिक्षा, कल्याण, सामाजिक सुरक्षा, समाज कल्याण, आपूर्ति, ग्रामीण विकास, श्रम, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग सहित अनेक अन्य विभागों की ओर से सूचना एवं सेवा स्टॉल लगाए गए। प्रत्येक स्टॉल पर संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मियों द्वारा योजनाओं, सेवाओं तथा लाभ प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। जिससे आमजन को सरकारी सुविधाओं को समझने और उनका लाभ उठाने में आसानी हुई। इसके साथ ही झारखंड राज्य सेवा गारंटी अधिनियम-2011 में सूचीबद्ध विभिन्न सेवाओं जाति, आवास, आय प्रमाणपत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड से संबंधित सेवाएँ, किसान-हितैषी योजनाएँ, स्वास्थ्य सुविधाएँ एवं अन्य नागरिक सेवाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। पात्र लाभुकों को कई योजनाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराया गया। कार्यक्रम में पोषण एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया गया तथा गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उनकी मातृत्व यात्रा को सशक्त बनाने का संदेश दिया गया। महिला समूहों को प्रोत्साहित करते हुए स्वयं सहायता समूह की दीदियों को पहचान पत्र, औज़ार, किट एवं परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। जिससे उनकी आजीविका क्षमता और भी मज़बूत हो सके। कार्यक्रम में मुख्य रूप से बीडीओ कुमार नरेंद्र नारायण, सीओ सफी आलम, जिपस जैनुला अंसारी, फैजुल अंसारी, मुखिया सीमा देवी, बीडीसी धनंजय पासवान, कोरवाडीह मुखिया शरीफ अंसारी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

news portal development company in india