विशुनपुरा में होली व रमजान को लेकर फ्लैग मार्च, शांति व्यवस्था का संदेश

विशुनपुरा में होली व रमजान को लेकर फ्लैग मार्च, शांति व्यवस्था का संदेश

आशुतोष विशुनपुरा

होली एवं रमजान महापर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. इसी क्रम में विशुनपुरा प्रखंड मुख्यालय में पुलिस प्रशासन द्वारा फ्लैग मार्च निकाला गया।फ्लैग मार्च का नेतृत्व एसडीपीओ सतेंद्र नारायण सिंह ने किया. इस दौरान उनके साथ इंस्पेक्टर तथा थाना प्रभारी राहुल सिंह सहित पुलिस बल के जवान मौजूद रहे. मार्च मुख्य बाजार, संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख चौक-चौराहों से होकर गुजरा.फ्लैग मार्च के माध्यम से आम लोगों को यह संदेश दिया गया कि पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है. एसडीपीओ सतेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि होली और रमजान दोनों ही पवित्र पर्व हैं. जो आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का संदेश देते हैं. ऐसे में किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक पोस्ट या अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी.उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोशल मीडिया पर भड़काऊ या गलत सूचना प्रसारित करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी. साथ ही पर्व के दौरान शराब पीकर हुड़दंग करने, जबरन रंग लगाने या सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा.थाना प्रभारी राहुल सिंह ने भी लोगों से अपील की कि वे पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. प्रशासन द्वारा क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.

news portal development company in india