विशुनपुरा में 19वां वार्षिकोत्सव: पूजा–परिक्रमा के साथ भंडारा, झूलन मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

विशुनपुरा में 19वां वार्षिकोत्सव: पूजा–परिक्रमा के साथ भंडारा, झूलन मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
आशुतोष, विशुनपुरा
प्रखंड मुख्यालय के पोखरा चौक स्थित प्रसिद्ध श्री विष्णु मंदिर, विशुनपुरा में चल रहे सात दिवसीय 19वें वार्षिकोत्सव कार्यक्रम के छठे दिन शुक्रवार को पूजा–परिक्रमा और भव्य भंडारे का आयोजन किया गया. सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी,
श्रद्धालुओं ने “लक्ष्मी नारायण” के जयकारों और मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना कर मंदिर की परिक्रमा पूरी की. धार्मिक आस्था और भक्ति भाव से सराबोर वातावरण में पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा. पूजा-परिक्रमा के उपरांत आयोजित भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखी गईं.

शाम 7 बजे से रात्रि 11 बजे तक कथा वाचिका नीलम शास्त्री द्वारा संगीतमय कथा का वाचन किया जा रहा है. कथा के दौरान श्रद्धालुओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही. प्रवचनकर्ता की मधुर वाणी और भावपूर्ण प्रस्तुति से श्रोता मंत्रमुग्ध होकर भक्ति रस में झूम उठे.

मंदिर परिसर में आयोजित भव्य झूलन मेला आकर्षण का केंद्र बना हुआ है. विभिन्न झूले और सजावट से सुसज्जित मेले का दृश्य देखते ही बन रहा है. बच्चे, महिलाएं और युवा मेले का भरपूर आनंद उठा रहे हैं.
वार्षिकोत्सव में विशुनपुरा प्रखंड के अलावा बरडीहा प्रखंड के जतरो बंजारी, सेमरी, आदर, नावाडीह तथा मझिआंव प्रखंड के दवनकारा, पुरहे, करुई समेत मेराल, बंशीधर नगर और रमना प्रखंड से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश, बिहार और छत्तीसगढ़ से भी भक्तगण भगवान विष्णु के दर्शन-पूजन के लिए यहां आ रहे हैं.

कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु विष्णु मंदिर विकास समिति के सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं.
इस मौके पर समिति के अध्यक्ष नारायण शर्मा, सचिव गौरीशंकर गुप्ता, कोषाध्यक्ष ज्वाला प्रसाद, शिवकुमार ठाकुर, पूर्व सचिव नवल किशोर गुप्ता, प्रवक्ता अजय यादव, ललन गुप्ता, सचिन गुप्ता, छुनु ठाकुर, अर्जुन विश्वकर्मा, संजय गुप्ता, भोलानाथ साहू, प्रभु चंद्रवंशी, संजय चंद्रवंशी, त्यागी जी, माणिक गुप्ता, जितेंद्र कुमार सहित कई सक्रिय सदस्य व्यवस्था में जुटे हुए हैं.

news portal development company in india