विशुनपुरा में भक्ति की गूंज: श्री विष्णु मंदिर विशुनपुरा का 19वां वार्षिकोत्सव आरंभ
आशुतोष विशुनपुरा
पोखरा चौक स्थित पलामू प्रमंडल के प्रसिद्ध शेष सैया श्री विष्णु मंदिर में 19वें वार्षिकोत्सव का शुभारंभ 24 घंटे के अखंड हरि कीर्तन के साथ भक्तिमय वातावरण में प्रारम्भ हो गया है. मंदिर प्रांगण में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और “हरे राम, संकीर्तन से पूरा क्षेत्र भक्तिरस में सराबोर हो उठा. यह भव्य आयोजन कुल आठ दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए जाएंगे.अखंड कीर्तन के समापन के उपरांत 23 फरवरी को प्रातः 10 बजे से भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी. सैकड़ों की संख्या में महिलाएं सिर पर कलश लेकर नगर भ्रमण करेंगी. इसके पश्चात भगवान विष्णु की आकर्षक शोभा यात्रा पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली जाएगी. शोभा यात्रा में झांकियां, भजन-कीर्तन एवं ढोल-नगाड़ों की मधुर ध्वनि से पूरा विशुनपुरा नगर भक्तिमय हो उठेगा.समिति द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार 24 फरवरी से 1 मार्च तक पंचांग पूजन, भगवान श्री विष्णु जी का महाअभिषेक, हवन, भंडारा एवं कथा का आयोजन किया जाएगा. प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात 11 बजे तक प्रसिद्ध कथा वाचक नीलम शास्त्री के श्रीमुख से प्रवचन एवं भागवत कथा का रसपान श्रद्धालु करेंगे. उनके ओजस्वी वचनों से भक्तों को धर्म, भक्ति और सदाचार का संदेश मिलेगा.मंदिर परिसर में झूलन मेला भी आकर्षण का केंद्र रहेगा, जहां बच्चों एवं ग्रामीणों के लिए मनोरंजन की विशेष व्यवस्था की गई है. बाहर से आने वाले अतिथियों के ठहरने के लिए उत्तम प्रबंध किया गया है. साथ ही प्रवचन सुनने हेतु महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के बैठने की अलग-अलग सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई है.विष्णु मंदिर विकास समिति के अध्यक्ष नारायण शर्मा ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने हेतु समिति के सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं. सभी कार्यकर्ता तन-मन-धन से सेवा में जुटे हुए हैं ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं भव्य रूप से संपन्न हो सके. पूरे विशुनपुरा में इस धार्मिक आयोजन को लेकर उत्साह का वातावरण है. श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं और भगवान विष्णु से क्षेत्र की सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना कर रहे हैं. यह वार्षिकोत्सव न केवल आस्था का केंद्र बना है, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का भी संदेश दे रहा है.







