सोनभद्र पुलिस की बड़ी कामयाबी, 30 ग्राम हेरोईन के साथ तस्कर गिरफ्तार
₹30 लाख की हेरोईन, लग्ज़री कार व नकदी बरामद, अंतरजनपदीय नेटवर्क का खुलासा
उपेंद्र तिवारी, सोनभद्र
सोनभद्र : जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सोनभद्र पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 30 ग्राम अवैध हेरोईन, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹30 लाख बताई जा रही है, के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में हेरोईन बिक्री से खरीदी गई लग्ज़री कार, नकदी व मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी ओबरा अमीत कुमार के पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष शक्तिनगर कमल नयन दूबे के नेतृत्व में यह प्रभावी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार दिनांक 27 जनवरी 2026 की देर रात लगभग 23:55 बजे, थाना शक्तिनगर पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस ने कोहरौल पानी टंकी के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 30 ग्राम अवैध हेरोईन बरामद की गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सुनील भारती पुत्र शिवमंगल भारती, निवासी निमियाटाड़ बस्ती, थाना शक्तिनगर, जनपद सोनभद्र, उम्र लगभग 32 वर्ष, के रूप में हुई है। बरामदगी के आधार पर थाना शक्तिनगर में मु0अ0सं0–20/2026, धारा 8/21/27A/29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
पूछताछ में हुआ बड़े नेटवर्क का खुलासा
पुलिस पूछताछ में अभियुक्त सुनील भारती ने स्वीकार किया कि वह लंबे समय से हेरोईन की अवैध बिक्री में संलिप्त है। उसने बताया कि इस तस्करी नेटवर्क में उसके साथी दीपक भारती और कबीर उर्फ रमेश भी शामिल हैं, जो बाहर से हेरोईन मंगवाते हैं। अभियुक्त उनके माध्यम से हेरोईन प्राप्त कर उसे छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर फुटकर व थोक में बिक्री करता था।
अभियुक्त ने यह भी कबूल किया कि हेरोईन की बिक्री से प्राप्त धनराशि से उसने स्विफ्ट डिजायर कार खरीदी थी। उसने यह भी स्वीकार किया कि वह पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुका है।
बरामदगी का विवरण
पुलिस द्वारा अभियुक्त के कब्जे से—
30 ग्राम अवैध हेरोईन (अनुमानित कीमत ₹30 लाख)
हेरोईन बिक्री से खरीदी गई 01 स्विफ्ट डिजायर कार (अनुमानित कीमत ₹12 लाख)
₹39,980/- नगद
02 की-पैड मोबाइल फोन
01 सैमसंग एंड्रॉइड मोबाइल फोन (अनुमानित कीमत ₹1.5 लाख)
बरामद किए गए हैं।
आपराधिक इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त सुनील भारती के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट व गिरोहबंद अधिनियम के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें वर्ष 2024 व 2026 के गंभीर मामले शामिल हैं।
वांछित अभियुक्त
इस मामले में पुलिस ने दीपक भारती (निवासी डिबुलगंज, थाना अनपरा) एवं कबीर उर्फ रमेश (निवासी तेलगवां, थाना विन्ध्यनगर, जिला सिंगरौली, मध्यप्रदेश) को वांछित घोषित किया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का सख्त संदेश
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा। मादक पदार्थ तस्करी में संलिप्त अपराधियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।







