मकर संक्रांति पर बांकी नदी तट पर सजेगा आस्था का मेला, सूर्य मंदिर परिसर में होंगे धार्मिक आयोजन

मकर संक्रांति पर बांकी नदी तट पर सजेगा आस्था का मेला, सूर्य मंदिर परिसर में होंगे धार्मिक आयोजन

आशुतोष विशुनपुरा
बांकी नदी तट स्थित निर्माणाधीन सूर्य मंदिर परिसर में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आगामी 14 जनवरी को एक दिवसीय भव्य धार्मिक मेला का आयोजन किया गया है. इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल व्याप्त है. महापर्व पर आयोजित यह मेला आस्था, संस्कृति और परंपरा का अनुपम संगम प्रस्तुत करेगा.
सूर्य मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष शिवकुमार ठाकुर ने बताया कि मकर संक्रांति के पावन अवसर को यादगार बनाने के लिए मेला को धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप दिया गया है. दिनभर श्रद्धालुओं का आगमन रहेगा और मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहेगा. मेला के दौरान प्रसिद्ध दवनकारा कीर्तन मंडली द्वारा भव्य भक्ति-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा. जिसमें भजन, कीर्तन और सामूहिक आराधना के माध्यम से सूर्यदेव की स्तुति की जाएगी.
उन्होंने बताया कि संध्या बेला में बांकी नदी तट पर भव्य गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा. दीपों की जगमगाहट, वैदिक मंत्रोच्चारण और शंखध्वनि के बीच सामूहिक आरती से पूरा नदी तट आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठेगा. यह दृश्य श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होगा और मेला को एक दिव्य अनुभूति प्रदान करेगा. मकर संक्रांति के अवसर पर सूर्य मंदिर निर्माण समिति की ओर से पूरे दिन महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा. जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है. समिति ने विशुनपुरा सहित आसपास के गांवों के लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक मेला एवं आयोजनों में सहभागी बनें और पुण्य लाभ अर्जित करें. आयोजन को सफल बनाने के लिए सूर्य मंदिर निर्माण समिति के सदस्य, स्थानीय ग्रामीण पूरी निष्ठा से तैयारियों में जुटे हुए हैं. सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्थाओं को लेकर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है. ताकि मेला में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो.मकर संक्रांति पर आयोजित यह मेला न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा. इस कार्य मे डॉ महेंद्र गुप्ता, अशोक मेहता, मंडल अध्यक्ष कृष्णा विश्वकर्मा, लखनदेव शर्मा, अशर्फी मेहता, कैलाश पाल, नवल किशोर गुप्ता, मोती गुप्ता, पृथ्वी पाल, नन्हकू शर्मा, दशरथ राम, बंशी पासवान, बिकास शर्मा, बलराम ठाकुर सहित लगे हुये है.

news portal development company in india