टाउन क्रिकेट क्लब दुद्धी: पं. दीनदयाल ने चोपन को 4 विकेट से हराया, आशीष बने ‘मैन ऑफ द मैच’
दुद्धी (सोनभद्र)
टाउन क्रिकेट क्लब दुद्धी के तत्वावधान में 04 जनवरी 2026 को खेले गए मुकाबले में पं. दीनदयाल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चोपन की टीम को 4 विकेट से पराजित किया। टॉस जीतकर चोपन की टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करने का निर्णय लिया।
पहली पारी में चोपन की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 235 रन बनाए। बल्लेबाज़ी में आकाश ने बेहतरीन शतक जड़ते हुए 115 रन* बनाए, जिसमें 12 छक्के और 7 चौके शामिल रहे। इसके अलावा प्रशांत ने 25 रन, आशुतोष ने 31 रन, राजवीर ने 8 रन* तथा रजत ने 8 रन* का योगदान दिया।
गेंदबाज़ी में पं. दीनदयाल की ओर से अंशु ने 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट, अमन ने 4 ओवर में 38 रन देकर 1 विकेट, अभिषेक ने 4 ओवर में 56 रन देकर 1 विकेट और राहुल ने 4 ओवर में 58 रन देकर 1 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पं. दीनदयाल की टीम ने 17.5 ओवर में 6 विकेट खोकर 240 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। बल्लेबाज़ी में आशीष ने शानदार शतक लगाते हुए 132 रन* बनाए, जिसमें 12 छक्के और 10 चौके शामिल थे। योगेश ने 42 रन, अरमान ने 12 रन तथा सुमित ने 12 रन बनाए।
चोपन की ओर से गेंदबाज़ी में आदित्य ने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट, आकाश ने 3.5 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट, नीरज ने 4 ओवर में 46 रन देकर 1 विकेट और राजेश्वर ने 3 ओवर में 50 रन देकर 1 विकेट प्राप्त किया।
इस शानदार प्रदर्शन के लिए आशीष को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया। मैच के मुख्य अतिथि डॉ शाह आलम अंसारी चिकित्साधिकारी दुद्धी द्वारा पुरस्कार प्रदान किया गया। निर्णायक की भूमिका में ओमप्रकाश, अतुल एवं इरफान रहे, जबकि स्कोरर की भूमिका अजय ने निभाई।
आगामी मुकाबला:
05 जनवरी 2026 को पं. दीनदयाल और ओबरा के बीच क्वार्टर फाइनल (Q. Final) मुकाबला खेला जाएगा







