विशुनपुरा में बड़ी चोरी से हड़कंप, 50 लाख की डकैती से कारोबारियों में उबाल

आशुतोष, विशुनपुरा
प्रखंड मुख्यालय विशुनपुरा में बुधवार देर रात चोरों ने दुस्साहसिक चोरी की वारदात को अंजाम देकर पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है.
प्रसिद्ध व्यवसायी राम हरख प्रसाद गुप्ता के प्रतिष्ठान शुभ लक्ष्मी वस्त्रालय–मुन्ना ज्वेलर्स में हुई भीषण चोरी में चोर लगभग 50 लाख रुपये मूल्य के सोना–चांदी के जेवरात, कपड़े और नकदी लेकर फरार हो गए. इस घटना के बाद स्थानीय व्यवसायियों में भारी आक्रोश व्याप्त है. और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
पीछे से घुसकर दिया वारदात को अंजाम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने दुकान के पीछे के रास्ते से लोहे की ग्रिल तोड़कर अंदर प्रवेश किया. भीतर घुसते ही उन्होंने सोना–चांदी रखे अलमीरा को तोड़ डाला, दुकान के अंदर का नजारा भयावह था. कपड़े, जेवरात और चांदी के डिब्बे चारों ओर बिखरे पड़े थे. चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की हार्ड डिस्क भी साथ ले ली, ताकि उनकी पहचान न हो सके.
दुकान में रखे एक लोहे के लॉकर को ले जाने का भी प्रयास किया गया. लेकिन भारी होने के कारण चोर इसमें सफल नहीं हो पाए.
परिवार दुकान में मौजूद, फिर भी चोरी
पीड़ित व्यवसायी बिनोद गुप्ता उर्फ मुन्ना ने बताया कि रोज की तरह बुधवार रात करीब 8 बजे दुकान बंद कर वे घर चले गए थे. इसके बाद रात करीब 9 बजे उनके माता–पिता दुकान में सोने आ गए थे. दुकान के ऊपर दूसरी मंजिल पर उनके पिता राम हरख प्रसाद गुप्ता सो रहे थे. गुरुवार सुबह उठे तो देखा कि दुकान में समान बिखरे है और ताला टूटी हुई थी. हैरानी की बात यह है कि उसी दौरान नीचे दुकान में इतनी बड़ी चोरी हो गई. लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी.
पुलिस जांच में जुटी, लेकिन सवाल बरकरार
घटना की सूचना मिलते ही विशुनपुरा थाना प्रभारी राहुल सिंह मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की, पुलिस ने टूटे ग्रिल, अलमीरा और बिखरे सामान का निरीक्षण किया. हालांकि, इतनी बड़ी चोरी और सीसीटीवी हार्ड डिस्क ले जाने से साफ है कि अपराधी पूरी तैयारी के साथ आए थे.
व्यवसायियों में आक्रोश, बंद का ऐलान
इस घटना को लेकर व्यवसायी संघ के अध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इसे विशुनपुरा की दूसरी बड़ी आपराधिक घटना बताते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए है. उन्होंने कहा कि जब तक इस घटना का खुलासा नहीं हो जाता, तब तक सभी दुकानों को बंद रखकर सड़क पर उतरने का आह्वान किया. उन्होंने कहा की लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. अगर प्रशासन जल्द ठोस कार्रवाई नहीं करता है. तो आंदोलन और तेज होगा. इस घटना से व्यवसायी सहमे हुए है.







