राधिका नेत्रालय में आज निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर आज
झारखंड सवेरा
गढ़वा : शहर के चिरौजिया मोड़ के समीप स्थित राधिका नेत्रालय में बुधवार को निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।
अस्पताल के संस्थापक सह नेत्र चिकित्सक डॉ. सुशील कुमार ने बताया कि शिविर में अनुभवी नेत्र विशेषज्ञों की टीम द्वारा मरीजों की जांच की जाएगी, जिसके बाद योग्य मरीजों का निःशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि ऑपरेशन के साथ-साथ मरीजों को दवा, लेंस एवं आवश्यक चिकित्सीय परामर्श भी पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा।
वहीं अस्पताल की प्रबंधक पायल गुप्ता ने बताया कि यह शिविर पूरी तरह नि:शुल्क है। ऑपरेशन के बाद मरीजों की समुचित देखभाल की जाएगी और गुरुवार को उन्हें निःशुल्क चश्मा एवं आवश्यक परामर्श के साथ विदा किया जाएगा।
अस्पताल प्रबंधन ने अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।






