बेकाबू कमांडर जीप ने विधायक व पुलिस वाहन को मारी टक्कर, विधायक अनंत प्रताप देव घायल

बेकाबू कमांडर जीप ने विधायक व पुलिस वाहन को मारी टक्कर, विधायक अनंत प्रताप देव घायल

सीरिया टोंगर मोड़ के पास हादसा, नशे में धुत चालक बताया जा रहा; पुलिस ने वाहन जब्त किया, चालक फरार

उमेश कुमार रमना 
शनिवार को भया बंशीधर नगर एनएच-39 मुख्य सड़क स्थित सीरिया टोंगर मोड़ के समीप एक तेज रफ्तार और बेकाबू कमांडर वाहन ने पुलिस वाहन को टक्कर मारते हुए भवनाथपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक अनंत प्रताप देव की गाड़ी को भी जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में विधायक अनंत प्रताप देव सहित उनके एक सहयोगी घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल बंशीधर नगर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। जानकारी के अनुसार, विधायक अनंत प्रताप देव अपने विधानसभा क्षेत्र के डंडई प्रखंड में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में सीरिया टोंगर मोड़ के पास यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कमांडर वाहन का चालक नशे में धुत था और तेज गति में वाहन चला रहा था। अचानक नियंत्रण खो देने के कारण उसने पहले पुलिस वाहन को धक्का मारा और फिर विधायक की गाड़ी से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा और उसमें सवार लोग घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। इसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर सुचित्रा द्वारा उनका इलाज किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति सामान्य होने पर उन्हें घर भेज दिया गया। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही रमना पुलिस सक्रिय हुई और मौके पर पहुंचकर बेकाबू कमांडर वाहन को अपने कब्जे में लेकर थाना ले आई। हालांकि, दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

news portal development company in india