रेणुकूट रेलवे स्टेशन पर तेज रफ्तार कार का कहर, एक की मौत, एक घायल

रेणुकूट रेलवे स्टेशन पर तेज रफ्तार कार का कहर, एक की मौत, एक घायल

झारखंड सवेरा यूपी 

रेणुकूट। पिपरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेणुकूट रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे व्यक्ति को टक्कर मारते हुए एक झोपड़ी में जा घुसी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रात करीब 11:30 बजे की है। बताया जा रहा है कि रेलवे स्टेशन मोड़ पर बस का इंतजार कर रहे सत्येंद्र (48) पुत्र रामबली राम, निवासी एनसीएल कालोनी बीना को तेज रफ्तार मारुति कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे बनी एक झोपड़ी में जा घुसी, जहां राजमणि राम (60) पुत्र मगन राम, निवासी झारोखुर्द सो रहा था । इस हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों घायलों को हिंडाल्को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान सत्येंद्र की मौत हो गई, जबकि राजमणि राम की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।पिपरी थाना के इंस्पेक्टर क्राइम हरेंद्र यादव ने बताया कि मृतक सत्येंद्र अपनी पत्नी को ट्रेन पकड़ाने रेणुकूट आए थे और वापस लौटने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।स्थानीय लोगों के अनुसार कार चालक नशे की हालत में था और रेलवे स्टेशन पर किसी से उसका विवाद भी हुआ था। इसके बाद वह अपनी कार लेकर तेज रफ्तार में मौके से भागने लगा, जिससे यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है, जबकि आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें जुटी हुई हैं।

news portal development company in india