सोशल मीडिया पोस्ट पर एसडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी ने लिया संज्ञान

सोशल मीडिया पोस्ट पर एसडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी ने लिया संज्ञान

मतदाताओं को लुभाने हेतु पेट्रोल के प्रलोभन के आरोप में भाजपा मंडल अध्यक्ष पर प्राथमिकी

झारखंड सवेरा 

गढ़वा :  शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के उद्देश्य को लेकर गढ़वा विधानसभा क्षेत्र में आचार संहिता उल्लंघन के मामलों में लगातार कार्रवाई जारी है। मतदान दिवस से दो दिन पूर्व सोमवार को भाजपा के गढ़वा मंडल अध्यक्ष पर आचार संहिता के उल्लंघन के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
दरअसल परेश कुमार तिवारी नाम के ट्विटर यूजर ने ट्विटर (एक्स) पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा था कि उक्त मंडल अध्यक्ष मतदाताओं को लुभाने के लिए एक पेट्रोल पंप की मदद से मतदाताओं को पेट्रोल दिलवा रहे हैं।
उक्त पोस्ट को शिकायतकर्ता द्वारा भारत निर्वाचन आयोग तथा निर्वाची पदाधिकारी गढ़वा के निजी हैंडल को भी टैग किया गया है।उक्त वीडियो पर संज्ञान लेते हुए निर्वाची पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार ने मामले की त्वरित जांच व कार्रवाई करने हेतु निर्देश दिया। फलस्वरुप रोस्टर ड्यूटी में तैनात उड़नदस्ता दल के द्वारा भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री उमेश कश्यप पर मतदाताओं को लुभाने के क्रम में आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में गढ़वा थाने में प्राथमिकी दर्ज करवा दी गयी।

साइलेंस पीरियड में सभी उड़नदस्ता दलों को सक्रिय रहने का निर्देश
संजय कुमार ने गढ़वा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सभी जोनल दंडाधिकारियों, उड़न दस्ता दलों, स्टैटिक सर्विलांस टीमों, सेक्टर दंडाधिकारियों और वीडियो सर्विलांस टीमों को लगातार अपने अपने प्रतिनियुक्ति क्षेत्रों में सक्रिय रहने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा कि मतदान समाप्ति के लिए 48 घंटे शेष रहने के बाद वस्तुस्थिति अपेक्षाकृत ज्यादा संवेदनशील हो जाती है। उक्त अवधि निगरानी की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। अतः इस दौरान उपरोक्त सभी पदाधिकारियों की मौजूदगी सड़क पर दिखनी चाहिए। कहा कि मतदाताओं को लुभाने के लिए अपनाए जाने वाले सभी संभावित तरीकों पर कड़ी नजर रखनी होगी। विशेषकर पेट्रोलपंप, अवैध शराब वितरण के अड्डों, होटल-ढाबों, बैंक्विट हॉल आदि पर सतत नजर रखनी होगी।

news portal development company in india
error: Content is protected !!