अनपरा में बड़े धूमधाम से निकला महावीरी जुलूस, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल 

अनपरा में बड़े धूमधाम से निकला महावीरी जुलूस, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल 

झारखंड सवेरा यूपी 
अनपरा, सोनभद्र : नगर पंचायत अनपरा में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी महावीरी जुलूस बड़े ही धूमधाम, उत्साह और भक्ति भाव के साथ निकाला गया। जुलूस में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और पूरा नगर भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। सनातन धर्म की परंपराओं, हिंदू एकता, अखंडता और धार्मिक संस्कृति को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस महावीरी जुलूस ने पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण बना दिया।
महावीरी जुलूस का आयोजन स्थानीय समाजसेवी गोपाल गुप्ता के नेतृत्व में किया गया। जुलूस को सकुशल संपन्न कराने के लिए अनपरा थाना पुलिस के साथ-साथ जनपद से अतिरिक्त पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा और पूरे मार्ग पर पुलिस प्रशासन की कड़ी निगरानी बनी रही, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।
जुलूस में अनपरा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से आकर्षक और मनमोहक झांकियां प्रस्तुत की गईं। इन झांकियों में देवी-देवताओं के विभिन्न स्वरूपों का भव्य प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए सड़कों के दोनों ओर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु भक्ति गीतों और जयकारों के साथ जुलूस में शामिल हुए, जिससे पूरा वातावरण धार्मिक उल्लास से गूंज उठा।
अनपरा मार्केट, औरी मोड़, रेणुसागर, डिबुलगंज, काशी मोड़ सहित आसपास के कई क्षेत्रों से निकाली गई झांकियों ने जुलूस की शोभा बढ़ा दी। रंग-बिरंगी सजावट, भक्ति संगीत और पारंपरिक वेशभूषा में शामिल श्रद्धालुओं ने पूरे कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया।
जुलूस के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए जलपान और प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई थी। स्थानीय लोगों ने भी बढ़-चढ़कर कार्यक्रम में सहयोग किया।महावीरी जुलूस के दौरान पूरे अनपरा क्षेत्र में श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं, प्रशासन और सहयोग करने वाले लोगों का आभार व्यक्त किया।

news portal development company in india