म्योरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 किलो गांजा व कार के साथ महिला गिरफ्तार. दो अन्य तस्कर फरार, पुलिस कर रही तलाश
झारखंड सवेरा यूपी
लीलासी/सोनभद्र : मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत म्योरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलोग्राम 150 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गांजा की तस्करी में प्रयुक्त एक डीजायर कार, दो मोबाइल फोन और नगद रुपये भी बरामद किए हैं।पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी दुद्धी राजेश कुमार राय के निर्देशन में थाना म्योरपुर पुलिस ने यह कार्रवाई की। इस मामले में थाना म्योरपुर में मु0अ0सं0 40/2026 धारा 8/20/27A/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।पुलिस ने गुरुवार को मीरा देवी उर्फ गुड़िया (48 वर्ष) पत्नी जितेन्द्र नाथ उर्फ मुन्ना निवासी ग्राम कुण्डाडीह टोला चन्द्रभान नगर थाना म्योरपुर (हाल पता – पूर्वी परासी थाना अनपरा, जनपद सोनभद्र) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।पुलिस के अनुसार अभियुक्ता के कब्जे से एक बोरी में 10 पैकेट में कुल 10 किलो 150 ग्राम अवैध गांजा, परिवहन में प्रयुक्त डीजायर कार संख्या UP64AV3973, दो मोबाइल फोन तथा नगद रुपये बरामद किए गए।पूछताछ के दौरान अभियुक्ता ने बताया कि वह सुरेन्द्र यादव उर्फ सोनू और लल्लन कुमार रवानी के साथ मिलकर अवैध गांजा की तस्करी करती थी। सुरेन्द्र यादव द्वारा ही गांजा उपलब्ध कराया जाता था और उसे अनपरा पहुंचाकर किसी अज्ञात व्यक्ति को देना होता था। इसके बदले उन्हें अच्छी-खासी रकम मिलती थी। इसी अवैध कमाई से लल्लन कुमार रवानी ने बरामद डीजायर कार खरीदी थी।पुलिस के अनुसार इस मामले में लल्लन कुमार रवानी निवासी महुली जरहा थाना म्योरपुर तथा सुरेन्द्र यादव उर्फ सोनू निवासी अंजानी थाना बीजपुर अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीम लगी हुई है।गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष रामदरश राम, उपनिरीक्षक गुलाब सोनकर, महिला हेड कांस्टेबल संगीता पाठक और कांस्टेबल शिवेन्द्र प्रताप सिंह शामिल रहे।





