रामनवमी को भव्य बनाने की तैयारी, महुली क्षेत्र के अखाड़ों की हुई महत्वपूर्ण बैठक
झारखंड सवेरा यूपी
महुली/दुद्धी (सोनभद्र): श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान महुली में बुधवार 12 मार्च को सायं 5 बजे श्री रामनवमी के उपलक्ष्य में भारतीय युवा शक्ति संगठन के तत्वावधान में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पूर्व ग्राम प्रधान महुली दिलीप कुमार कन्नौजिया ने की। बैठक में महुली क्षेत्र के विभिन्न गांवों के अखाड़ा समितियों के अध्यक्षों एवं सदस्यों ने भाग लिया।बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि इस वर्ष से रामनवमी पर्व को और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाने के उद्देश्य से महुली क्षेत्र के सभी गांवों के अखाड़ा दल महुली स्थित श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान में एकत्रित होकर सामूहिक रूप से कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान करेंगे। उपस्थित लोगों ने कहा कि इससे क्षेत्र में आपसी भाईचारा, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपरा को और मजबूती मिलेगी।इस अवसर पर विंढमगंज मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र चौधरी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि रामनवमी का पर्व हमारी आस्था, संस्कृति और एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी अखाड़ा समितियां मिलकर यदि इस आयोजन को संपन्न करेंगी तो यह पूरे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक कार्यक्रम बनेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अनुशासन और भाईचारे के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।बैठक में महुली स्टेशन रोड अखाड़ा समिति के अध्यक्ष राजेश कुमार शर्मा, पोलवा अखाड़ा समिति के अध्यक्ष राजू, शिवदास शर्मा, उदय शर्मा, राजू शर्मा, सुरेंद्र कुमार कन्नौजिया, दिलगज राम, अंकित कुमार, सूरज कुमार, आशीष कुमार, शिव कुमार सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।बैठक के अंत में सभी लोगों ने आगामी रामनवमी पर्व को भव्य, शांतिपूर्ण और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।






